रफ़ाल मामले में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट का नोटिसः लोकसभा चुनाव 2019

अवमानना मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को नोटिस जारी किया है. अदालत ने उनसे सोमवार से पहले जवाब दाखिल करने को कहा है. अगली सुनवाई 22 अप्रैल को होनी है.

बीजेपी की नेता मीनाक्षी लेखी ने सर्वोच्च अदालत में अवमानना याचिका दायर की थी.

इसमें कहा गया है कि राहुल गांधी ने रफ़ाल मामले में सुप्रीम कोर्ट का हवाला देते हुए ऐसा बयान दिया जिसका मतलब कुछ और निकलता है.

याचिका में कहा गया है कि राहुल अपने व्यक्तिगत बयान को सुप्रीम कोर्ट के आदेश की तरह पेश कर रहे हैं और एक पूर्वाग्रह बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर संसदीय क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार मेनका गांधी के एक बयान को लेकर फिर विवाद छिड़ गया है.

सुल्तानपुर की एक चुनावी सभा में रविवार को उन्होंने कहा कि गांवों में विकास के काम वोटों के आधार पर किए जाएंगे.

उनके अनुसार, "गांवों को चार कैटेगरी में बांटा गया है. ए कैटेगरी में वो आएंगे जहां बीजेपी को 80 प्रतिशत वोट मिलेंगे, जहां 60 प्रतिशत वोट मिलेंगे वो बी, जहां 40 प्रतिशत वोट मिलेंगे वो सी और जहां से बीजेपी को 30 प्रतिशत से भी कम वोट मिलेंगे वो डी कैटेगरी में होंगे."

उनके इस भाषण का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो कहती दिखाई दे रही हैं, "जब काम शुरू होगा तो ए कैटेगरी के गांवों में 80 प्रतिशत काम होगा और बाकी में 60 प्रतिशत काम होगा."

उन्होंने दावा किया कि ये कैटेगरी सिस्टम उन्होंने पीलीभीत में भी लागू किया है.

इससे पहले उनका एक और वीडियो सामने आया था जिसमें वो मुस्लिम वोटरों को दबे छुपे शब्दों में धमकाती नज़र आ रही हैं.

Comments